छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एनआर ब्रांड के हल्दी पाउडर के एक बैच की बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा जांच में इस बैच के नमूने में साल्मोनेला बैक्टीरिया पाए जाने के बाद उत्पाद को खाने के लिए असुरक्षित घोषित किया गया है.

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की अधिकारी सुधा चौधरी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेमेतरा जिले के गिधवा रोड स्थित गोठान चौक के नवीन ट्रेडर्स से एनआर ब्रांड के हल्दी पाउडर का नमूना लिया था. नमूना जांच के लिए भोपाल की प्रयोगशाला भेजा गया था.

जांच रिपोर्ट में साल्मोनेला मिलने की बात सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बैच नंबर एनआर/6ए की बिक्री और वितरण पर जिलेभर में रोक लगाई गई है. प्रभावित पैकेट पर 500 ग्राम वजन दर्ज है. इनकी पैकिंग 19 जून 2026 को हुई थी और उपयोग की अंतिम तारीख 18 फरवरी 2027 लिखी है.

बाजार से स्टॉक वापस लेने के निर्देश

विभाग ने संबंधित कारोबारी को इस बैच की बिक्री तत्काल बंद करने और बाजार में भेजे गए पैकेट वापस मंगाने के निर्देश दिए हैं. दुकानों में मौजूद स्टॉक को भी वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की निगरानी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं.

यह हल्दी पाउडर रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड के छपोरा गांव स्थित नागराज जैन मसाला उद्योग में तैयार किया जाता है. विभाग ने हल्दी पाउडर के अन्य बैचों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच कराने को भी कहा है. कारोबारी को वापस मंगाए गए उत्पाद की मात्रा और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जिला कार्यालय तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक को सौंपनी होगी.