रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी के दो मामलों में फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ मौसम खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर कुल 31.75 लाख रुपये से अधिक के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी.

ससकोबा की दुकान में राशन वितरण पर सवाल

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की थी. जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला. खाद्य विभाग ने इसकी कीमत 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी.

जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया. इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया. उमाबाई और माधुरी को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था. विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है.

गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख की कमी

ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी मिली. इसकी कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये बताई गई.

खाद्य विभाग के प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर दुकान संचालक जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया.

पुलिस के मुताबिक, शहनवाज के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी. गांव में देखे जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया. दोनों मामलों में रूबीना खान, शाहिन खान और बिहारी राठिया की गिरफ्तारी बाकी है.