छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पूंजीपथरा स्थित वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड प्लांट से करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब चोरी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए माल की कीमत करीब 45 हजार रुपये है. गिरफ्तार आरोपियों में प्लांट का पूर्व क्रेन ऑपरेटर नित्यानंद राठिया, ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू और कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश शामिल हैं.
प्लांट के जनरल मैनेजर दीप मुखर्जी की शिकायत के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात तक कॉपर ट्यूब सुरक्षित थी. 23 नवंबर की सुबह जांच में करीब 20 किलो ट्यूब गायब मिली. प्लांट में SMS बिलेट का काम होता है और भट्टी गर्म करने के लिए कॉपर ट्यूब का इस्तेमाल किया जाता है.
पुलिस के अनुसार ऐसे की गई चोरी
पुलिस के मुताबिक, नित्यानंद करीब दो महीने पहले प्लांट में क्रेन ऑपरेटर था. पूछताछ में उसने बताया कि 2 अक्टूबर की रात क्रेन की मदद से ट्यूब उठाकर प्लांट की पिछली दीवार के बाहर फेंकी थी. अगले दिन उसने आरी ब्लेड से ट्यूब काटकर उसके हिस्से अलग-अलग जगह छिपा दिए.
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नित्यानंद बची हुई ट्यूब ऑटो से रायगढ़ ले जाकर बेचने जा रहा है. घेराबंदी कर पुलिस ने उसे ऑटो चालक विकास के साथ पकड़ लिया. नित्यानंद की निशानदेही पर तालाब के पास झाड़ियों से करीब 5 किलो ट्यूब बरामद की गई. कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद के पास से करीब 5 किलो और ऑटो में लदी करीब 5 किलो ट्यूब भी जब्त की गई.
पुलिस के अनुसार, नित्यानंद पहले करीब 5 किलो ट्यूब अलग-अलग कबाड़ियों को 5 हजार रुपये में बेच चुका था. विकास की मदद से करीब 5 किलो माल लक्ष्मी प्रसाद को भी 5 हजार रुपये में बेचा गया था. इसमें से 2 हजार रुपये विकास को दिए गए थे. चोरी का माल खरीदने के आरोप में मामले में BNS की धारा 317(2) जोड़ी गई. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
