रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, रानीसागर और ग्राम तारापुर में दबिश देकर 29 लोगों को पकड़ा गया और कुल 9 लाख 500 रुपये नकद जब्त किए गए. दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
रानीसागर में 19 लोग पकड़े गए
पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर में पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर हुई. पुलिस के मुताबिक, यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे फड़ लगाकर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी. विशेष टीम ने घेराबंदी कर मौके से 19 लोगों को पकड़ा. पुलिस ने उनके कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद जब्त किए. इस मामले में खरसिया थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है.
तारापुर में 10 गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास हुई. पुलिस के अनुसार, दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से जुआ खेले जाने की सूचना पर टीम ने दबिश दी. कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग गए, जबकि 10 लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने यहां से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद जब्त किए और आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया.
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
