रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के 47 वर्षीय प्रोफेसर का अपहरण कर उनसे करीब एक लाख रुपये UPI के जरिए ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार शाम की है. प्रोफेसर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है.

ग्राम जकेला निवासी डॉ. कपूरचंद गुप्ता शाम करीब 6 से 7 बजे डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे. थकान होने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठे थे. आरोप है कि इसी दौरान दो युवक उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए और उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी. इसके बाद पेट और गर्दन पर चाकू रखकर धमकाया गया.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रोफेसर को बाइक से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी गांव ले जाकर एक कमरे में बंधक बनाया. मारपीट कर मोबाइल, Google Pay और BHIM App के पासवर्ड हासिल किए गए. इसके बाद एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगाया गया और प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई. पुलिस का कहना है कि खाते की करीब एक लाख रुपये की लेनदेन सीमा खत्म होने तक ट्रांसफर किए गए.

रकम भेजने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर से घर फोन करवाकर परिवार को उनके ठीक होने की बात बताने के लिए कहा. हालांकि, परिजनों को संदेह हुआ. उन्होंने लोकेशन का पता लगाकर पंडरीपानी पहुंचने की कोशिश की. परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रोफेसर को कमरे से सुरक्षित बाहर निकाला.

पुलिस ने रातभर कार्रवाई के बाद 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अन्य लोगों के साथ वारदात की योजना में शामिल होने की बात कही है. जिस महिला के खाते में रकम भेजी गई थी, उससे संपर्क कर राशि सुरक्षित कराई गई है. अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.

पीड़ित की शिकायत पर पुसौर थाने में BNS की धाराओं 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत FIR दर्ज की गई है. SSP शशि मोहन सिंह ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की बात कही है.