छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में सरकारी राशन दुकानों से चावल और शक्कर की बोरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इनमें चार कथित चोर और चोरी का माल खरीदने वाला एक व्यक्ति शामिल है. कार्रवाई के दौरान 115 बोरी चावल, दो बोरी शक्कर और चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा व इनोवा कार बरामद की गई हैं. जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 38.60 लाख रुपये बताई गई है.

पुसौर ब्लॉक के कई गांवों में इस साल राशन दुकानों को निशाना बनाया गया था. पुलिस के मुताबिक औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोटमर्रा, कोडोली, घुटकुपाली, नवापारा और तिलगी में चावल और शक्कर की बोरियां चोरी होने की घटनाएं दर्ज हुई थीं. 24 जुलाई को कोंडपाली के ग्राम पंचायत भवन और 15 सितंबर को नवापारा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के मामलों में भी जांच चल रही थी.

लगातार घटनाओं के बाद राशन दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और थाना प्रभारी से कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने घटनाओं का विश्लेषण किया तो सामने आया कि वारदातों में समान तरीका अपनाया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी रात में तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते और चोरी के बाद तुरंत फरार हो जाते थे. इसके बाद दुकानदारों को CCTV कैमरों के साथ GPS ट्रैकर लगाने की सलाह दी गई.

पुलिस की सलाह पर ग्राम कोटमर्रा की एक शक्कर बोरी में GPS ट्रैकर छिपाया गया. 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरी के दौरान आरोपी यह बोरी भी ले गए. पुलिस ने ट्रैकर के संकेतों का पीछा किया, जो रायगढ़ से धरमजयगढ़ की दिशा में जा रहे थे. घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस टीमों की मदद से संयुक्त टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां से ट्रैकर लगी बोरी बरामद हुई.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सेवाल कुजूर ने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी चोरी का माल उसके पास छोड़कर गए थे. इसके बाद पत्थलगांव और आसपास दबिश देकर सभी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पुसौर क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 317(4), 111 और 3(5) जोड़ी गई हैं. पुलिस अन्य गिरोहों से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है.