रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन से लोहे और तार की सामग्री चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, बाइक चोरी के मामले में पकड़े गए 23 वर्षीय रामप्रसाद सारथी ने पूछताछ के दौरान रेलवे लाइन से सामग्री चोरी करने की बात स्वीकार की. चोरी का सामान फेरी-कबाड़ियों को बेचने की जानकारी भी सामने आई है.

ग्राम कुडुमकेला कुधरीपारा निवासी मनबोध दास महंत (53) ने 12 जुलाई को रेलवे लाइन से सामग्री चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, कारीछापर और कुडुमकेला के बीच रेलवे किलोमीटर 47/03 से 47/06 के पास लमडांड गांव के जंगल क्षेत्र से अज्ञात व्यक्ति ने सामग्री चोरी की थी.

पुलिस के अनुसार, चोरी हुए सामान में 65 एमएम कैटनरी तार के 215 मीटर, 107 एमएम संपर्क तार के 215 मीटर, तीन कैटनरी सप्लायर, दो संपर्क तार सप्लायर, 5 एमएम ड्रापर वायर के 23 नग, 23 कैटनरी क्लिप और 23 संपर्क तार क्लिप शामिल थे. इसके अलावा स्टेडी आर्म और स्वीवेल क्लिप भी चोरी होने की शिकायत में दर्ज थे.

बाइक चोरी की जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

इसी दौरान ग्राम बांसमुड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान (22) ने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. बाइक नावापारा टेंडा बाजार डांड के पास खड़ी की गई थी और बाजार से लौटने पर गायब मिली.

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तरेकेला निवासी रामप्रसाद सारथी बाइक लेकर घूम रहा है. हिरासत में पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से बाइक बरामद कर जब्त की. पुलिस का कहना है कि रेलवे सामग्री बेचने के बाद मिली रकम में से बचे 2,000 रुपये भी बरामद किए गए हैं.

रामप्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. रेलवे सामग्री खरीदने वाले कबाड़ियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है.