छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 25.175 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में चार युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा गया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4.92 लाख रुपये बताई गई है. कार्रवाई के दौरान 90 हजार रुपये मूल्य के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए.
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के समीप हुई. सूचना मिलने पर टीम ने पीपल के पेड़ के नीचे बैग लेकर बैठे तीन संदिग्धों को पकड़ा. तलाशी में ट्रॉली बैग और अन्य बैगों में रखे 20 पैकेट मिले, जिनमें कुल 20.434 किलोग्राम गांजा था. इस दौरान तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.
पुलिस ने पकड़े गए लोगों की पहचान महाराष्ट्र के पुणे जिले के 29 वर्षीय अमोल बबन धोत्रे, 18 वर्षीय सागर लक्ष्मण गायकवाड़ और 23 वर्षीय शुभम नंदू गुंजाल के रूप में बताई है.
दूसरी कार्रवाई रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास की गई. पुलिस के अनुसार, यहां दो लोग बैग में गांजा लेकर वाहन का इंतजार कर रहे थे. इनमें पुणे के चाकन मानिक चौक निवासी 21 वर्षीय इम्तियाज रफिक ईनामदार और 16 वर्ष दो माह का एक नाबालिग शामिल था. इम्तियाज के बैग से पांच पैकेटों में 4.741 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और इसे पुणे ले जाने की योजना थी. पुलिस के अनुसार, यात्रा का खर्च जुटाने के लिए वे स्टेशन के बाहर ग्राहक तलाश रहे थे.
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
