छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पचेड़ा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में करीब 3.22 लाख रुपये मूल्य के खाद्यान्न में गड़बड़ी सामने आई है. खाद्य निरीक्षक की जांच के बाद कोतरा रोड थाना पुलिस ने जय मां दुर्गा महिला समूह की 10 पदाधिकारियों और दुकान के विक्रेता समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

जांच के दौरान ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और दुकान में मौजूद खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया गया. मौके पर 48 क्विंटल चावल, 1.50 क्विंटल शक्कर और 4.50 क्विंटल नमक मिला. वहीं, ई-पॉस रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में 120.03 क्विंटल चावल, 5.44 क्विंटल शक्कर और 5.99 क्विंटल नमक होना चाहिए था.

रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के मिलान में 72.03 क्विंटल चावल, 3.94 क्विंटल शक्कर और 1.49 क्विंटल नमक कम पाया गया. खाद्य विभाग ने इस कमी की कुल कीमत 3,22,193 रुपये आंकी है.

किन लोगों पर मामला दर्ज

खाद्य निरीक्षक की सूचना पर पुलिस ने समूह की अध्यक्ष सेवतीन चौहान, सचिव जमुना सिदार और सदस्य जानकी पटेल, कमला सिदार, प्यारीमती सिदार, भानुमति सिदार, शगुन चौहान, सजन मांझी, पद्मेश्वरी मांझी और मंगरा को नामजद किया है. दुकान के विक्रेता पदमन चौहान के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धाराओं 3 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी.