छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की कमी के दो मामलों में पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. खाद्य विभाग की जांच में ससकोबा और गनपतपुर की दुकानों में कुल करीब 31.75 लाख रुपए के चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ससकोबा की राशन दुकान की जांच की थी. यहां 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला. विभाग के मुताबिक, इनकी कुल कीमत 12 लाख 89 हजार 375 रुपए थी. जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाया गया, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया.
इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी. पुलिस उमाबाई और माधुरी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि बिहारी राठिया फरार बताया गया है.
गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख रुपए की कमी
गनपतपुर की उचित मूल्य दुकान की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम मिला. खाद्य विभाग ने इसकी कीमत 18 लाख 86 हजार 345 रुपए बताई. दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान कर रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद शाहनवाज की तलाश की जा रही थी. गांव में उसके मौजूद होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया. अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे रिमांड पर भेज दिया गया.
ससकोबा के विक्रेता बिहारी राठिया और गनपतपुर की अध्यक्ष रूबीना खान व सचिव शाहिन खान अभी फरार हैं.
