रायगढ़ जिले में पुलिस ने किराए के मकान में कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई केलो विहार क्षेत्र में की गई. पुलिस के अनुसार, मौके से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है.

यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत 18 नवंबर को की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू, केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराए पर लेकर एक युवती के माध्यम से कथित गतिविधि संचालित कर रहा है. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई.

ग्राहक बनकर भेजा गया पुलिसकर्मी

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की योजना के तहत एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा गया. तय संकेत मिलने के बाद टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी. तलाशी के दौरान आरोपी मकान में मिला, जबकि एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की बात पुलिस ने कही है.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे इस गतिविधि के लिए लाने की जानकारी दी. वहीं, आरोपी ने कथित तौर पर पैसों की जरूरत के कारण इस काम में शामिल होने की बात कही. युवती की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

चक्रधरनगर पुलिस ने गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धाराओं 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है.