रायगढ़ जिले के बंगुरसिया गांव में बुधवार सुबह सड़क किनारे लगे सांकेतिक बोर्ड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है.
घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है. यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर हमीरपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित है. गांव के कोटवार की सूचना के बाद चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है.
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि व्यक्ति की हत्या के बाद शव को सड़क किनारे बोर्ड पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
