छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से 34.17 लाख रुपये की कथित साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान इंदौर निवासी 31 वर्षीय रईस खान के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे इंदौर के कावेरी परिसर से पकड़ा और न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद रायगढ़ लाया.
पुलिस के अनुसार, सोनकरपारा-जूटमिल निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने 27 मई को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि मार्च 2025 में मोबाइल फोन के जरिए सुनील नाम के व्यक्ति से उनका संपर्क हुआ. उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक लाभ का भरोसा दिलाकर ‘स्पार्टन ट्रेड’ कंपनी में निवेश करने के लिए कहा गया. इसके बाद WhatsApp पर पोर्टफोलियो भेजा गया और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से भी निवेश के लिए संपर्क किया गया.
पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल 2025 से 3 अप्रैल 2026 के बीच डॉक्टर से कुल 34,17,531 रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए. शुरुआत में ऑनलाइन पोर्टफोलियो में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया गया, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर पैसे वापस नहीं मिले. आरोप है कि उनसे और अधिक निवेश करने का दबाव बनाया गया.
जांच के दौरान पुलिस को ज्योति मालवीय के नाम पर पंजीकृत मोबाइल नंबर से ठगी की कड़ियां मिलीं. पुलिस का कहना है कि उसके नाम पर जारी 23 अन्य सिम कार्ड भी सामने आए. इस मामले में तनिषा पाटिल, ज्योति मालवीय और तरुण नागर को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है. पूछताछ में ज्योति ने कथित तौर पर अपने दस्तावेजों से जारी सिम कार्ड गिरोह को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, करीब 100 से 150 सिम कार्ड गिरोह तक पहुंचाए गए थे.
पुलिस का आरोप है कि रईस खान शेयर बाजार में एडवाइजरी के नाम पर लोगों को डीमैट अकाउंट खुलवाने और निवेश के लिए प्रेरित करता था. उसने 24 जून 2025 को डॉक्टर को चार बार फोन कर अधिक लाभ का लालच दिया था. पूछताछ में आरोपी ने करीब दो वर्षों से इंदौर में शेयर मार्केट एडवाइजरी का काम करने की बात बताई.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, दो ATM कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और 1,39,500 रुपये नकद जब्त किए हैं. पुलिस के मुताबिक, ये सामान कथित ठगी की रकम से खरीदे गए थे.
SSP शशि मोहन सिंह ने लोगों से अनजान व्यक्तियों के कहने पर निवेश नहीं करने और बैंकिंग जानकारी, OTP या मोबाइल सिम साझा नहीं करने की अपील की है. साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है.
