रायगढ़ में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मारपीट और हंगामे का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. कोतवाली पुलिस ने वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत FIR दर्ज की है. मामला सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज, मारपीट और लोक शांति भंग करने से जुड़ा बताया गया है.

पुलिस के मुताबिक, घटना एसपी कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर हुई थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रुपाली गारमेंट्स के संचालक और पूर्व पार्षद के भाई से जुड़े पक्षों के बीच विवाद के दौरान मारपीट और हंगामा हुआ. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस के सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने इसका संज्ञान लिया. कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी के अनुसार, वीडियो को सुरक्षित कर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की गई.

पुलिस ने जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनमें बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया और विपिन मिश्रा के नाम शामिल हैं. पुलिस ने कहा है कि वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद कुछ लोग कोतवाली थाने के बाहर भी एकत्रित हुए थे और वहां हंगामे की स्थिति बनी. इस घटनाक्रम को लेकर अफवाहें फैलने और लोक शांति प्रभावित होने की आशंका के बीच मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली घटनाओं और सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.