छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में छह साल चार महीने की छात्रा के सामने अश्लील हरकत करने के आरोप में एक सरकारी स्कूल शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूछताछ और जांच के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना 12 नवंबर की दोपहर की है. बच्ची ने बताया कि शिक्षक अजय कुमार (52) उसे और कक्षा में पढ़ने वाले एक अन्य बालक को स्कूल के दूसरे कमरे में ले गए थे. आरोप है कि शिक्षक कुर्सी पर बैठकर अपना निजी अंग दिखाने लगा. बच्ची वहां से बाहर निकल गई.
घटना के बाद बच्ची स्कूल जाने से मना करने लगी. शुक्रवार को नानी ने इसकी वजह पूछी तो बच्ची ने उसे पूरी बात बताई. इसके बाद नानी ने गांव के लोगों को जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने महिला को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए भेजा.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धाराओं 8 व 12 के तहत अपराध दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विवेचना की और बाद में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. मामले की जांच जारी है. आरोप अभी जांच के अधीन हैं.
