छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास ट्रक के किनारे सो रहे एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी लूट के इरादे से वहां पहुंचे थे और जेब टटोलने के दौरान व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला किया गया.
जूटमिल पुलिस को शनिवार को बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई गई है. उसके सीने, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले थे. पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को मरच्युरी में रखवाया और मर्ग कायम किया.
अगले दिन डॉक्टरों की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला हत्या से जुड़ा पाए जाने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. संदिग्धों के बारे में जानकारी मिलने के बाद मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई इलाके में दबिश दी गई.
पुलिस ने राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19) और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया. नाबालिगों की उम्र करीब 15 से 16 वर्ष बताई गई है.
बिरयानी के लिए पैसे जुटाने पहुंचे थे
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब एक बजे आरोपी नशे की हालत में बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने निकले थे. दो आरोपी बाइक से ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे, जबकि तीन अन्य उनके पीछे आए. फल की दुकान के पास खड़े ट्रक के नजदीक उन्हें एक व्यक्ति सोता हुआ दिखाई दिया.
आरोपियों ने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की. इसी दौरान उसके जागने और विरोध करने पर एक नाबालिग ने कथित तौर पर बटन चाकू से उसकी भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर वार कर दिए. पुलिस के अनुसार, आरोपी जेब से 700 रुपये लेकर वहां से चले गए और रकम आपस में बांट ली.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, मोटरसाइकिल और बटन चाकू जब्त किया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है. आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है.
