छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सरिया नाले में गिर गया. हादसे में ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और उसकी मौत हो गई. घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की बताई गई है.

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रहा था. इसी दौरान वह सरिया नाले के ऊपर से करीब 60-70 फीट नीचे पानी में जा गिरा. आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखकर पुलिस को सूचना दी.

पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन चालक का पता नहीं चल सका. इसके बाद नगर सेना की गोताखोर टीम को बुलाया गया. टीम ने पानी में उतरकर स्थिति का जायजा लिया और हाईड्रा वाहन की मदद से ट्रक को बाहर निकालने की कोशिश की.

ट्रक बाहर आने पर चालक केबिन में फंसा मिला. नगर सेना के जवान संग्राम सिदार के मुताबिक, केबिन को काटकर शव को बाहर निकाला गया. इस पूरी कार्रवाई में करीब एक घंटे का समय लगा.

पुलिस के अनुसार, मृत चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है. शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है. हादसे की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.