छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरघोड़ा थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप की 26 शीशियों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों ढोरम बाईपास तिराहे के पास सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे.
पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि घरघोड़ा-लैलूंगा मार्ग पर स्थित बाईपास के पास दो व्यक्ति नशीली सिरप लेकर खड़े हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में मौजूद दोनों युवकों को पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय कन्हैया यादव, निवासी ग्राम केनापारा, थाना लैलूंगा और 34 वर्षीय तेज राम यादव, निवासी ग्राम कोनपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान कन्हैया के पास से 17 और तेज राम के पास से नौ शीशी ओनेरेक्स सिरप बरामद होने की बात कही गई है.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की जानकारी दी. हालांकि, यह आरोप जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
घरघोड़ा पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
