रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. दोनों घटनाओं में सामने से आ रही बाइक से टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे. पुलिस ने संबंधित बाइक चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

उर्दना-रामपुर रोड पर सरफराज की मौत

पहली दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दना-रामपुर रोड पर हुई. पुलिस को दिए बयान के अनुसार, लामीदरहा निवासी टिकेश्वर प्रसाद वैष्णव अपने साथी सरफराज खान के साथ बजाज बाइक से उर्दना जा रहे थे. दीनदयाल कॉलोनी से पहले रामपुर रोड पर सामने से आ रही सुजुकी बाइक से उनकी टक्कर हो गई.

हादसे में सरफराज गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दूसरे बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है.

घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर दूसरी दुर्घटना

दूसरा हादसा घरघोड़ा थाना क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के आगे हुआ. कुडुमकेला नवाडीह निवासी सूरज कुमार मांझी किस्त जमा करने घरघोड़ा गए थे. लौटते समय उनकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई.

दूसरी बाइक लिमगांव, जिला सक्ती निवासी ईश्वरी प्रसाद सोनी चला रहे थे. दुर्घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सूरज कुमार मांझी को अस्पताल ले गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.