रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एक साथ की गई दबिश के दौरान पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, दोनों जुआ अड्डों से कुल 9 लाख 500 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं.

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने सूचना मिलने के बाद दोनों स्थानों की घेराबंदी कर छापेमारी की. कार्रवाई का नेतृत्व सीएसपी राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने किया. यह टीम एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में काम कर रही थी.

रानीसागर में 19 लोग पकड़े गए

पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर में पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर की गई. पुलिस के अनुसार, यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे दो पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था. मौके से 19 लोगों को पकड़ा गया. इनके पास से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की गई.

तारापुर में 10 गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास हुई. पुलिस के अनुसार, यहां दीवार के किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश पर रुपये लगाए जा रहे थे. दबिश के दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि 10 लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने इस स्थान से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद और 52 पत्ती वाली ताश की गड्डी जब्त की.

पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार 29 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में जुआ-सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.