रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद एक मजदूर की मौत हो गई. हादसा लाखा स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में हुआ, जहां मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहा था. पुलिस ने मामले में कंपनी के सुपरवाइजर आशिफ खान के खिलाफ केस दर्ज किया है.

पुलिस के अनुसार, घटना 15 अप्रैल की सुबह हुई. 50 वर्षीय मीर हसन करीब 30 फीट ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहे थे. इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिर पड़े. गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई. आसपास काम कर रहे मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन को जानकारी दी, जिसके बाद मीर हसन को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

सूचना मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के बेटे मोहम्मद नदीम और उसके साथ काम करने वाले शिवम तिवारी, मदन कुमार तथा अमित सिंह के बयान दर्ज किए.

सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, गवाहों ने बताया कि मीर हसन को ऊंचाई पर काम करते समय हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. गवाहों ने सुपरवाइजर आशिफ खान पर लापरवाही से काम कराने का आरोप लगाया.

मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने आशिफ खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 289 के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.