छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के देवपुरी में 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल का शुभारंभ किया. करीब एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित अस्पताल के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों तथा पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं. राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों की दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो सकती है.
राज्य में उपचार सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
सीएम साय के मुताबिक, गंभीर बीमारी की स्थिति में दूसरे राज्यों में इलाज कराने से मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और कई व्यावहारिक कठिनाइयां भी आती हैं. सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी सेवाएं छत्तीसगढ़ में ही उपलब्ध हों. इसका लाभ राज्य के नागरिकों के साथ आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मिल सकता है.
उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी संस्थानों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक ढांचा तैयार हो रहा है. नए अस्पतालों से उपचार सुविधाओं के साथ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सुरक्षा मिली है. उन्होंने बताया कि राज्य में जिला अस्पतालों के अलावा प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी मजबूत करने का काम किया जा रहा है. सुदूर वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों तक चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है.
नवा रायपुर में 200 एकड़ की मेडिसिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है. उनके अनुसार, इससे सुपर स्पेशलिटी सेवाओं, चिकित्सा निवेश और रोजगार के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को ऐसा हेल्थकेयर केंद्र बनाना है, जहां राज्य के लोगों को जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और दूसरे राज्यों से मरीज यहां उपचार के लिए आ सकें.
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रथमेश हॉस्पिटल जैसी संस्थाओं से प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकारी संस्थानों को मजबूत करने के साथ निजी क्षेत्र में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू, डॉ. सारिका साहू सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
