रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 127.309 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में गंज और आमानाका थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पांच वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया. जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है. तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाइयां एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कीं. कार्रवाई की निगरानी पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया ने की.
फाफाडीह में ऑटो से 82.51 किलो गांजा
पहली कार्रवाई 7 अक्टूबर 2026 को गंज थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं. टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली.
पुलिस के मुताबिक, ऑटो में मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू सवार थे. उनके पास रखे ट्रॉली बैग से 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजे और अन्य जब्त सामान की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये आंकी है. इस मामले में गंज थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है.
टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा मिला
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास की गई. पुलिस को वहां कुछ लोगों के ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची टीम ने दो संदिग्ध वयस्कों और एक नाबालिग को पकड़ा.
पुलिस ने दोनों वयस्कों की पहचान ओडिशा निवासी कान्हू डकुआ और पश्चिम बंगाल निवासी सुमित भट्टाचार्य के रूप में बताई है. उनके पास रखे बैग से 44.799 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये बताई गई. इस मामले में भी धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है.
पुलिस अब आरोपियों से गांजे के स्रोत, संभावित खरीदार और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है. कमिश्नरेट के अनुसार, अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और करीब 6.31 करोड़ रुपये मूल्य की विभिन्न नशीली सामग्री व अन्य सामान जब्त किया गया है.
