रायपुर में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की निगरानी के लिए नगर निगम 127 हाईटेक नाइट विजन कैमरे लगाएगा. यह व्यवस्था निगम के सभी 10 जोन में लागू की जाएगी और इस पर करीब 90 लाख रुपये खर्च होंगे. कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर कचरा फेंकने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जा सकेगी. ऐसे मामलों में 25 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है.
मोबाइल ऐप से होगी लाइव निगरानी
करीब 50 मीटर तक की तस्वीरें रिकॉर्ड करने में सक्षम कैमरों को मोबाइल ऐप आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा. जोन कमिश्नर और संबंधित अधिकारी अपने मोबाइल से जरूरत के अनुसार मौके की लाइव स्थिति देख सकेंगे. नाइट विजन सुविधा होने से रात में कचरा फेंकने की घटनाओं पर भी नजर रखी जा सकेगी. स्ट्रीट लाइट वाले क्षेत्रों में रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता बेहतर रहने की बात कही गई है.
कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी घटना की जांच और कार्रवाई में उसका इस्तेमाल किया जा सके. अभी कई मामलों में प्रत्यक्ष साक्ष्य के अभाव में कचरा फेंकने वालों की पहचान नहीं हो पाती है.
कचरा वाहनों की गतिविधियां भी रिकॉर्ड होंगी
इस सिस्टम का इस्तेमाल केवल लोगों द्वारा कचरा फेंकने की निगरानी तक सीमित नहीं रहेगा. कचरा संग्रहण में लगे वाहनों की आवाजाही और नंबर भी रिकॉर्ड किए जाएंगे. इससे यह जांचने में मदद मिलेगी कि वाहन ने किस स्थान से कचरा उठाया और उसे आगे कहां ले जाकर डंप किया. तय व्यवस्था से अलग डंपिंग या परिवहन में लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने का आधार मिल सकेगा.
नगर निगम ने पुलिस के सहयोग से करीब 23 ऐसे स्थान चिन्हित किए हैं, जहां कचरा फेंकने और भीड़भाड़ से जुड़ी समस्याएं अधिक हैं. व्यावसायिक और संवेदनशील इलाकों में कैमरे लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी. टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम कांकेर की एजेंसी को सौंपा गया है. एजेंसी तीन साल तक कैमरों का संचालन और रखरखाव करेगी.
