रायपुर जिले के चार विकासखंडों के 155 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए जाएंगे. समग्र शिक्षा की योजना के तहत पूर्व माध्यमिक, हाई, हायर सेकंडरी, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों और पीएमश्री स्कूलों को इसमें शामिल किया गया है.

कक्षाओं में 65 इंच के 4K टच स्क्रीन इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल लगाए जाएंगे. इनके जरिए विद्यार्थी पाठ्यपुस्तकों के साथ डिजिटल एनीमेशन, 3डी डायग्राम और ऑडियो-वीडियो सामग्री से पढ़ाई कर सकेंगे. स्मार्ट क्लासरूम चरणबद्ध तरीके से तैयार किए जाएंगे.

चारों ब्लॉक में स्कूलों का चयन

आरंग ब्लॉक में सबसे अधिक 44 स्कूल चुने गए हैं. इनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग, हाई स्कूल भैंसा और मिडिल स्कूल रसनी शामिल हैं. तिल्दा ब्लॉक के 40 स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जाएंगे. बीएनबी नेओरा, बंगोली, खरोरा और बैकुंठ के स्कूलों के नाम उदाहरण के तौर पर दिए गए हैं.

धरसींवा ब्लॉक में 32 स्कूलों का चयन हुआ है. इनमें सप्रे मिडिल स्कूल, रविशंकर यूनिवर्सिटी परिसर स्कूल और निवेदिता गर्ल्स स्कूल शामिल हैं. अभनपुर ब्लॉक के 39 स्कूल योजना में शामिल हैं, जिनमें नवापारा, माना/टुटा, पलोद और ब्लॉक कॉलोनी अभनपुर के स्कूल बताए गए हैं.

रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार नायर के अनुसार, निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में भी स्मार्ट क्लासरूम बनाए जा रहे हैं और जिले के 155 स्कूलों का चयन किया गया है.

पीएमश्री स्कूलों को अतिरिक्त डिजिटल सेटअप

पीएमश्री विद्यालयों में ऑनलाइन वर्चुअल लैब के लिए 5जी डोंगल, वेबकैम, कॉन्फ्रेंस माइक और सभी सिम सपोर्ट करने वाला 5जी एलटीई वाई-फाई यूएसबी डेटा कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा.

स्क्रीन लगाने के लिए कमरे का सीलन-मुक्त, साफ और पेंट किया हुआ होना जरूरी होगा. खिड़की-दरवाजे दुरुस्त होने के साथ बेहतर इलेक्ट्रिफिकेशन, 3-फेज अर्थिंग और सुरक्षा वायरिंग भी अनिवार्य रखी गई है. उपकरण लगाने वाली एजेंसी उन्हें सुरक्षित तरीके से इंस्टॉल करेगी और शिक्षकों को स्मार्ट बोर्ड चलाने का प्रशिक्षण देगी.