रायपुर में शनिवार से रविवार के बीच 24 घंटे में गुमशुदगी के 159 मामले दर्ज किए गए. ये मामले रायपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण थाना क्षेत्रों से जुड़े हैं. दर्ज मामलों में 78 महिलाएं, 54 वयस्क पुरुष, 17 बच्चे या नाबालिग और 10 बुजुर्ग शामिल हैं. इस हिसाब से औसतन हर घंटे करीब 6 से 7 गुमशुदगी के मामले सामने आए.
पुलिस अब इन मामलों को केवल तलाश तक सीमित नहीं रख रही है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद परिस्थितियों के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी व्यक्ति को बंधक बनाकर या गलत तरीके से छिपाकर तो नहीं रखा गया. हालांकि, गुमशुदगी के सभी मामलों में ऐसी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है.
किन थाना क्षेत्रों में ज्यादा मामले
कमिश्नरेट क्षेत्र में उरला में 18 और मुजगहन में 16 मामले दर्ज हुए. गुढ़ियारी में 13, खमतराई में 11 और टिकरापारा में 9 मामले सामने आए. डीडी नगर और पंडरी में 7-7, जबकि आमानाका, गंज, राजेंद्र नगर और खम्हारडीह में 5-5 मामले दर्ज किए गए.
ग्रामीण क्षेत्रों में खरोरा में 7 और तिल्दा नेवरा में 5 मामले सामने आए. अभनपुर, धरसींवा, मंदिर हसौद और सिलतरा में 4-4, जबकि आरंग, गोबरा नवापारा और माना कैंप में 3-3 मामले दर्ज किए गए.
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक कलह, घरेलू विवाद, प्रेम संबंध, आर्थिक परेशानी, बेरोजगारी, नशे की लत, संपत्ति विवाद और घरेलू हिंसा कुछ संभावित वजहें हो सकती हैं. किशोरों के मामलों में पढ़ाई का दबाव, दोस्तों या प्रेम संबंधों का असर भी सामने आ सकता है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हर मामले की वजह अलग हो सकती है और वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा.
गुमशुदगी मामलों में धाराओं का बदलाव
विशेष लोक अभियोजक केके चंद्राकर के अनुसार, पहले गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर धाराएं जोड़ी जाती थीं. अब परिस्थितियों के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत भी अपराध दर्ज किया जा रहा है.
डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने कहा कि निर्देशों के बाद सभी गुम प्रकरणों में अपराध दर्ज कर जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. अब पुलिस के सामने चुनौती यह है कि इस व्यवस्था के तहत लापता लोगों तक कितनी जल्दी पहुंचा जा सकता है.
