रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी 10 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद करीब 18 साल से फरार है. केंद्रीय जेल रायपुर के बंदी गणेश देवांगन के निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटने के मामले में अब कोतवाली थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है.

2008 में पैरोल पर छोड़ा गया था

जेल प्रशासन के दस्तावेजों के अनुसार, गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश पर 10 दिन की पैरोल दी गई थी. पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद उसे केंद्रीय जेल में वापस दाखिल होना था, लेकिन वह तय तारीख पर नहीं पहुंचा. इसके बाद से उसका पता नहीं चल सका.

जेल रिकॉर्ड में उसका बंदी क्रमांक 9480/95 दर्ज है. उसका पुराना पता रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक के आसपास बताया गया है.

जेल अधीक्षक के पत्र पर कार्रवाई

केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर फरार बंदी के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया था. पत्र और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का पाया.

पुलिस ने गणेश देवांगन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया है. जेल अधीक्षक के पत्र में यह भी कहा गया है कि मामला उच्च न्यायालय से संबंधित है और बंदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी के साथ FIR की प्रति उपलब्ध कराई जाए.

फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की विवेचना कर रही है. पुलिस के सामने 18 साल से फरार बंदी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की चुनौती है.