रायपुर जिले में बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने और पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. जिला न्यायालय रायपुर में हुए इस कार्यक्रम में 89 चिन्हांकित स्कूलों के करीब 188 शिक्षकों ने हिस्सा लिया.
यह कार्यशाला राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आयोजित की गई. प्रशिक्षण में शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 यानी पॉक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और अपराधों की रोकथाम में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई.
मुख्य वक्ता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विनय कुमार प्रधान और विशेष बालक पुलिस यूनिट की नोडल अधिकारी नंदिनी ठाकुर थीं. प्रशिक्षण के दौरान बाल कल्याण पुलिस अधिकारी की ओर से जांच के दौरान अपनाई जाने वाली कार्रवाई और संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में बताया गया. महिला एवं बाल विकास विभाग के परिवीक्षा अधिकारी मनीष सोनी ने पॉक्सो से प्रभावित बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार, निरंतर परामर्श और उचित देखरेख की जरूरत पर जोर दिया.
प्रभारी साइबर सेल रायपुर गौरव मंडल ने साइबर बुलिंग, साइबर ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और बच्चों से संबंधित पोर्नोग्राफी जैसे अपराधों की जानकारी दी. उन्होंने इनसे जुड़े तकनीकी पहलुओं और बच्चों को सुरक्षित रखने के उपाय भी बताए.
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अविनाश कुमार दुबे ने बताया कि प्रशिक्षित शिक्षकों के सहयोग से रायपुर जिले के स्कूलों में एक वर्ष तक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. अभियान में बच्चों और उनके माता-पिता को पॉक्सो एक्ट तथा बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने की योजना है.
