रायपुर के गोलबाजार थाने में दर्ज 2004 के NDPS मामले में पुलिस ने 22 साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान झुरी उर्फ समारू उर्फ पहरु, पिता मंद लाल गौड़ यादव, निवासी ग्राम गोवा, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है.

यह मामला अपराध क्रमांक 147/2004 और NDPS एक्ट की धारा 20(बी) से जुड़ा है. आरोपी के खिलाफ न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था, जो लंबे समय से लंबित था. गिरफ्तारी के बाद गोलबाजार पुलिस ने वारंट की तामिली कर आरोपी को न्यायालय के सामने पेश किया.

मध्यप्रदेश के कई इलाकों में तलाश

लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में टीम ने मध्यप्रदेश के रीवा, शहडोल, ब्यौहारी, अनूपपुर और भालूमाड़ा में दबिश दी. इसी कार्रवाई के दौरान आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया.

पुलिस के अनुसार, इस मामले का एक अन्य आरोपी किसी दूसरे प्रकरण में गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद है. उसे पुराने मामले में न्यायालय के सामने पेश करने के लिए पुलिस उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी कराने की प्रक्रिया कर रही है. रायपुर कमिश्नरेट ने कहा है कि फरार वारंटियों की तलाश और लंबित स्थायी वारंटों की तामिली का अभियान जारी रहेगा.