रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी. किसानों की सुविधा के लिए जिले में 21 नए धान खरीदी केंद्र शुरू करने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि इन केंद्रों के शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा.
राज्य शासन के निर्देश के अनुसार, धान की खरीदी ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी. किसान एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे.
केंद्रों पर सुविधाएं जुटाने का काम जारी
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेश चन्द्रवंशी के मुताबिक, 21 नए केंद्र प्रस्तावित हैं. इनमें से 17 केंद्रों के लिए जगह तय की जा चुकी है. 16 केंद्रों में कंप्यूटर, प्रिंटर और स्कैनर की व्यवस्था पूरी हो गई है, जबकि 8 केंद्रों में जनरेटर लगाए गए हैं.
इसके अलावा 18 केंद्रों पर ऑपरेटर की व्यवस्था की जा चुकी है. सभी 21 केंद्रों में प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं. बाकी केंद्रों पर कंप्यूटर, जनरेटर और ऑपरेटर जैसी जरूरी सुविधाएं जुटाने का काम जारी है.
बिचौलियों पर निगरानी के निर्देश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि उन्हें धान बेचने में परेशानी न हो. उन्होंने यह भी कहा है कि खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे. इसके लिए कोचियों और बिचौलियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन के अनुसार, केंद्रों पर बिजली, तकनीकी उपकरण और कर्मचारियों की व्यवस्था पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि 15 नवंबर से खरीदी प्रक्रिया शुरू हो सके.
