रायपुर में 21 नवंबर को कई प्रमुख कार्यक्रम और रेल गतिविधियां रहेंगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तय कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:50 बजे दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे. इसके बाद शाम 7 बजे देवेंद्र नगर स्थित बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री के रात 9 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम है.
जनजातीय गौरव दिवस समारोह
रायपुर के पं. जेएनयू मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रखा गया है. कार्यक्रम में नारी शक्ति की प्रतिभा और साहस को समर्पित ‘वीरांगना शौर्य उत्सव’ का ग्रैंड फिनाले भी होगा.
रग्बी लीग में शामिल होंगी नौ जिलों की टीमें
कोटा स्टेडियम में 21 नवंबर से अस्मिता रग्बी स्टेट लीग शुरू होगी. महिला वर्ग की इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ रग्बी एसोसिएशन कर रहा है. इसमें अंडर-15 और सीनियर वर्ग की स्पर्धाएं होंगी. रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, महासमुंद और धमतरी की टीमें भाग लेंगी. अभिनेता और रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस के भी रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है.
पूजा स्पेशल ट्रेन और रेल रद्दीकरण
छठ पूजा के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन एक-एक फेरे के लिए चलेगी. 21 नवंबर को यह रक्सौल से शाम 4:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:50 बजे रायपुर पहुंचेगी. वापसी में चर्लपल्ली-रक्सौल स्पेशल 23 नवंबर को रात 10 बजे चलेगी और 24 नवंबर को दोपहर 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी.
बूंदामल स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर 21, 24 और 26 दिसंबर को रद्द रहेगी. 26 दिसंबर को विशाखापट्टनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस चार घंटे देरी से चलेगी.
