रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश जारी है. पुलिस ने बुधवार को पाम बेलाजिओ स्थित उसके ठिकाने, बैरन बाजार के पारिवारिक आवास समेत करीब छह जगहों पर दबिश दी. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से निकल चुका था.
पुलिस को आशंका है कि कार्रवाई की जानकारी पहले ही आरोपी तक पहुंच गई थी. इसके बाद उसने संभावित ठिकाने बदल दिए. पुलिस अब उसके संपर्कों और दूसरे राज्यों में संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
सूचना लीक होने की भी जांच
जानकारी के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी को डीसीपी क्राइम ने लाइन अटैच किया है. उस पर पुलिस की दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने में लापरवाही बरतने का आरोप है. हालांकि, कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच किए जाने की कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस यह जांच कर रही है कि दबिश की सूचना विभाग से किस स्तर पर बाहर गई और आरोपी तक कैसे पहुंची.
14 सितंबर को भेजा गया था धमकी भरा संदेश
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से WhatsApp पर धमकी दी गई थी. आरोप है कि संदेश में 25 करोड़ रुपये मांगे गए और रकम नहीं देने पर कुकरेजा तथा उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई. जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ना पड़ा. अदालत से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की है.
इससे पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर से बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपये मांगने का मामला भी सामने आया था. एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है.
