छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 26 नवंबर को कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन, भाजपा का संविधान गौरव दिवस समारोह और कांग्रेस का ‘वोट बचाओ संविधान मार्च’ आज के प्रमुख आयोजनों में शामिल हैं. इसके अलावा महादेव घाट में कार्तिक पुन्नी मेला और उद्योग विभाग की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होगी.
मुख्यमंत्री का जनदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन, रायपुर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा. इस दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनेंगे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे.
भाजपा का संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम
भाजपा की ओर से दोपहर 3 बजे रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम रखा गया है. इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे.
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य वक्ता होंगे. मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर के विधायक, महापौर मीनल चौबे और भाजपा के रायपुर शहर व ग्रामीण जिला अध्यक्षों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है.
कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च
कांग्रेस की ओर से सुबह 11 बजे गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक ‘वोट बचाओ संविधान मार्च’ निकाला जाएगा. यह कार्यक्रम ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रस्तावित है. पार्टी ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों, छात्र संगठनों, गैर सरकारी संगठनों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दोपहर 1:30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचने की जानकारी दी गई है.
प्रदेशभर में संविधान दिवस आयोजन
संविधान दिवस के अवसर पर सुबह 11 बजे सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा. यह आयोजन जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर होगा. नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को ‘माय गवर्नमेंट’ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी समेत 23 भाषाओं में उपलब्ध बताई गई है.
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और विभागीय सचिव रजत कुमार दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में खारून नदी तट पर कार्तिक पुन्नी मेले के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी है.
