रायपुर जिले की 34 राइस मिलों पर बस्तर जिले के लिए कस्टम मिलिंग का 66,207.19 क्विंटल चावल जमा नहीं करने के मामले में कार्रवाई शुरू की गई है. प्रशासन ने संबंधित मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी कर बकाया चावल जमा करने के निर्देश दिए हैं.

आरंग विकासखंड के मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल को 24 नवंबर को सील कर दिया गया. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, इस मिल पर कुल 5,526.90 क्विंटल चावल जमा करना बाकी था. इसमें स्टेट पूल का 4,783.11 क्विंटल और सेंट्रल पूल का 743.79 क्विंटल चावल शामिल है. मौके पर जांच के दौरान स्टॉक और दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई.

स्टेट और सेंट्रल पूल का बकाया

रायपुर जिले की मिलों पर लंबित कुल चावल में 11,221.68 क्विंटल स्टेट पूल और 54,985.52 क्विंटल सेंट्रल पूल का है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बकाया चावल जमा नहीं करने पर आगे भी मिलों की सीलबंदी की कार्रवाई की जा सकती है.

बकाया सूची में कोणार्क इंडस्ट्रीज पर सबसे अधिक 14,248.52 क्विंटल चावल लंबित है. जनता एग्रो इंडस्ट्रीज पर 5,483.53 क्विंटल, विद्या श्री राइस मिल पर 2,695.74 क्विंटल, बालाजी पैडी प्रोसेसिंग पर 2,539.98 क्विंटल और स्वास्तिक एग्रो इंडस्ट्रीज पर 2,508.39 क्विंटल बकाया बताया गया है.

इसके अलावा सतनाम इंडस्ट्रीज, मां मावली राइस इंडस्ट्रीज, चंद्रा राइस मिल, निर्मल ट्रेडर्स और गिंदलानी राइस मिल समेत अन्य मिलों के नाम भी सूची में हैं. प्रशासन की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के बाद चावल जमा नहीं किए जाने के आधार पर की जा रही है.