रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सोने के जेवर बनाने वाले कारखाने से 370 ग्राम सोना गायब होने का मामला सामने आया है. कारखाना संचालक दिनेश पांजा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस के अनुसार, दोनों भाई करीब आठ वर्षों से कारखाने में काम कर रहे थे.
शिकायत के मुताबिक, गोलछा ब्रदर्स ने 22 कैरेट के जेवर तैयार करने के लिए पांजा ज्वेलर्स को 24 कैरेट सोना दिया था. 23 अप्रैल 2026 को प्रशांत बार को 260.694 ग्राम और 24 अप्रैल को उसके छोटे भाई विकास बार को 109.306 ग्राम सोना दिया गया. दोनों को इस सोने से आभूषण बनाने थे.
आरोप है कि प्रशांत ने पत्नी की तबीयत खराब होने की बात कहकर घर जाने की अनुमति मांगी और सोना छोटे भाई के पास छोड़ने की बात कही. अगले दिन विकास भी बिना बताए सोना लेकर चला गया. संचालक ने दोनों से संपर्क कर सोना लौटाने को कहा, लेकिन कथित तौर पर उन्हें टालमटोल वाला जवाब मिलता रहा.
बाद में संचालक कर्मचारियों के साथ प्रशांत के घर पहुंचे, जहां दोनों भाई मिले. शिकायत के अनुसार, उन्होंने कुछ सोना बेचने और बाकी की व्यवस्था कर लौटाने की बात कही, लेकिन सोना वापस नहीं किया. कारखाना संचालक ने इससे आर्थिक नुकसान होने का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस दोनों भाइयों से जुड़े तथ्यों और सोने की बरामदगी की जांच कर रही है.
