रायपुर पुलिस के सेंट्रल जोन में गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान में 39 लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया गया है. सात थानों में दर्ज 50 गुमशुदगी के मामलों में 11 लोगों की तलाश अब भी जारी है. यह स्थिति 30 अक्टूबर 2026 तक की बताई गई है.
अभियान DCP तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और एडिशनल DCP विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाया गया. पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में पतासाजी की और परिजनों से संपर्क कर लोगों का पता लगाया. पुलिस के मुताबिक, मिले सभी 39 लोगों से पूछताछ और जांच में अब तक किसी अपराध या अनहोनी की बात सामने नहीं आई है.
थानावार स्थिति
मौदहापारा थाने में दर्ज 12 मामलों में 11 लोग मिल चुके हैं. सिविल लाइन में 10 में से 6, तेलीबांधा में 8 में से 7, गंज में 7 में से 4, कोतवाली में 5 में से 4 और गोलबाजार में 4 में से 3 लोगों का पता लगाया गया है. देवेंद्र नगर थाने में दर्ज सभी चार मामलों में लापता लोगों को खोज लिया गया है.
पुलिस जांच में गुमशुदगी के अलग-अलग कारण सामने आए. कुछ लोग काम की तलाश में दूसरे शहर चले गए थे, जबकि कुछ पारिवारिक नाराजगी के कारण घर से चले गए. कुछ मामलों में मानसिक अस्वस्थता के कारण लोग परिवार से बिछड़ गए. प्रेम संबंधों के चलते घर छोड़ने और विवाह करने के मामले भी सामने आए. पुलिस के अनुसार, नवरात्रि के दौरान कुछ लोग बिना बताए डोंगरगढ़ दर्शन के लिए चले गए थे और उनके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
बाकी 11 लोगों की तलाश के लिए पुलिस परिजनों के संपर्क में रहकर जानकारी जुटा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि 22 मई 2026 के बाद मिली गुमशुदगी की सूचनाओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार भारतीय न्याय संहिता के तहत FIR दर्ज की जा रही है. FIR दर्ज होने का अर्थ अपने-आप अपहरण या किसी अन्य अपराध की पुष्टि नहीं है. पुलिस ने लोगों से अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने की अपील की है.
