रायपुर में जमीन के पुराने सौदे से जुड़े विवाद में कारोबारी से चार करोड़ रुपये मांगने, मारपीट करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. गंज थाना पुलिस ने कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी को नामजद किया है.

शिकायत के मुताबिक, विवाद वर्ष 2018 में लाभांडी क्षेत्र की करीब 2.60 लाख वर्गफीट जमीन के सौदे से जुड़ा है. कारोबारी का दावा है कि उनके नाम दर्ज 40 हजार वर्गफीट जमीन वापस करने के बदले उन्हें 3.15 करोड़ रुपये मिले थे और इसके बाद कोई आर्थिक लेन-देन बाकी नहीं था.

आरोप है कि 26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित बाबू प्लाजा में बैठक के दौरान उनसे फिर चार करोड़ रुपये मांगे गए. अगले दिन फाफाडीह स्थित होटल में हुई बैठक में रकम देने से इनकार करने पर मारपीट और धमकी दी गई.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है. FIR में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी.