रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में कोयला मंत्रालय की ओर से स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह 2026 आयोजित किया गया. समारोह में वित्त वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन के आधार पर देश की उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 50 कोयला और लिग्नाइट खदानों को पांच सितारा रेटिंग से सम्मानित किया गया. इनमें 15 भूमिगत और 35 ओपनकास्ट खदानें शामिल हैं.

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पुरस्कार वितरित किए. उन्होंने सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण, परिचालन दक्षता और सतत विकास पर जोर दिया. पुरस्कारों का उद्देश्य सुरक्षित, कुशल, वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल खनन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खदानों को मान्यता देना है.

छत्तीसगढ़ की पांच खदानें सूची में

पांच सितारा रेटिंग पाने वाली खदानों में दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड की तीन भूमिगत खदानें शामिल हैं. ये बंगवार अंडरग्राउंड माइन, खैराहा यूजी माइन और बहेराबांध यूजी माइन हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड की गेरे पेलमा सेक्टर-III कोल माइन और पारसा ईस्ट एंड कांटा बासन ओपनकास्ट कोल माइन को भी यह रेटिंग मिली है.

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग नीति के तहत खदानों का मूल्यांकन कई मानकों पर किया जाता है. इनमें उत्पादन और उत्पादकता, परिचालन दक्षता, तकनीकी नवाचार, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, सतत विकास और स्थानीय समुदायों के कल्याण से जुड़े पहलू शामिल हैं.

मूल्यांकन और सत्यापन की प्रक्रिया कोयला नियंत्रक संगठन द्वारा नियुक्त समीक्षकों के माध्यम से की जाती है. मंत्रालय के अनुसार, स्टार रेटिंग प्रणाली का लक्ष्य खदानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है.