रायपुर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत करीब 53 सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प किया गया है. नगर निगम के अनुसार, इन स्थानों में तालाब, उद्यान, मैदान और पुराने नगर निगम भवन समेत कई सार्वजनिक परिसर शामिल हैं.

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चले एक महीने के अभियान में नगर निगम के सभी 10 जोनों की टीमों ने गंदगी, कचरे के जमाव और अव्यवस्था वाले स्थलों को चिह्नित किया. इसके बाद कचरे का निष्पादन, विशेष सफाई, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण और जरूरी सुधार कार्य कराए गए.

कायाकल्प किए गए प्रमुख स्थानों में वार्ड 61 का जल विभाग, भाठागांव और साबुन डबरी तालाब, वार्ड 44 का पुराना नगर निगम भवन, वार्ड 38 का दशहरा मैदान और वार्ड 59 में गौसिया मैदान के पास का क्षेत्र शामिल है. इसके अलावा वार्ड 46 के गुरु तेग बहादुर उद्यान और वार्ड 42 के जगन्नाथ मंदिर क्षेत्र में भी सफाई व सौंदर्यीकरण कराया गया.

अभियान आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर संचालित हुआ. वार्ड पार्षदों की अगुवाई में जोन कमिश्नरों और स्वास्थ्य अधिकारियों ने कार्यों की निगरानी की. नगर निगम के साथ सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और नागरिकों ने भी सहयोग किया. निगम का लक्ष्य इन स्थानों की सफाई को अभियान की अवधि के बाद भी स्थायी बनाए रखना है.