रायपुर के बीरगांव इलाके में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में पनीर तैयार कर ओडिशा भेजे जाने का मामला सामने आया है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार शाम करीब 7 बजे जोरा मॉल के पास एक पिकअप वाहन से 650 किलो पनीर जब्त किया. विभाग ने इसे प्रतिबंधित एनालॉग पनीर होने की आशंका के आधार पर जांच के लिए भेजा है.
अधिकारियों के अनुसार, पनीर बीरगांव के ओमिया मार्केट स्थित पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री से भेजा जा रहा था. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि फैक्ट्री परिसर में अंशु बंसल द्वारा ‘सांवरिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट’ के नाम से पनीर तैयार किया जा रहा था. हालांकि, जब्त सामग्री के बारे में अंतिम निष्कर्ष लैब रिपोर्ट आने के बाद ही निकलेगा.
विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पनीर की खेप पिकअप वाहन से ओडिशा भेजी जा रही है. इसके बाद टीम ने वाहन को जोरा मॉल के पास रोका. जांच के दौरान पनीर की खेप मिली. विभाग के मुताबिक, ड्राइवर के पास खेप से जुड़े दस्तावेज नहीं थे. अब टीम फैक्ट्री में पनीर बनाने की प्रक्रिया और कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.
एक महीने में पांच कार्रवाई
खाद्य अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के अनुसार, रायपुर में पिछले एक महीने के दौरान पनीर से जुड़े मामलों में पांच कार्रवाई की गई हैं. इनमें तीन मामलों की रिपोर्ट मिल चुकी है. दो मामलों में पनीर अमानक पाया गया, जबकि एक मामले में नमूना मानक के अनुरूप मिला. दो मामलों की रिपोर्ट अभी लंबित है. अमानक पाए गए मामलों में विभाग प्रकरण तैयार कर अदालत में पेश करने की तैयारी कर रहा है.
विभाग के अनुसार, 4 अगस्त को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास 100 किलो पनीर जब्त किया गया था, जिसे अंबिकापुर भेजा जाना था. जांच में वह अमानक मिला. 5 अगस्त को तिल्दा की एक डेयरी से लिए गए नमूने की रिपोर्ट भी अमानक आई थी. छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध की घोषणा 31 जुलाई को राजपत्र में प्रकाशित हुई थी.
