रायपुर में खाद्य विभाग ने मिल्की मलाई और मलाई मैजिक ब्रांड का 750 किलो पनीर नष्ट कराया है. विभाग के अनुसार, दोनों ब्रांड के पनीर के नमूने सरकारी जांच में खाने के लिए असुरक्षित पाए गए थे. कार्रवाई के बाद विभाग ने दोनों ब्रांड के मालिकों के खिलाफ कानूनी प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

यह पनीर उरला स्थित फैक्ट्री में नष्ट कराया गया, ताकि इसका इस्तेमाल न हो सके और यह दोबारा बाजार में न पहुंचे. खाद्य विभाग मामले को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रहा है. इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अदालत में होगी.

8 सितंबर को जब्त हुई थी खेप

जानकारी के मुताबिक, 8 सितंबर को खाद्य विभाग ने रायपुर के जोरा के पास ओडिशा ले जाए जा रहे एक मालवाहक वाहन से पनीर की खेप जब्त की थी. इसके बाद नमूने जांच के लिए रायपुर की लैब भेजे गए. 12 सितंबर को आई रिपोर्ट में दोनों ब्रांड के पनीर को खाने के लिए सही नहीं पाया गया. इसके बाद पनीर बनाने वाली कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था.

जांच रिपोर्ट आने के बावजूद पनीर 44 दिन तक नष्ट नहीं किया गया. इस दौरान कंपनी ने सरकारी लैब की रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा जांच की मांग की. इसके लिए नमूना नेशनल फूड लैब भेजे जाने की जानकारी दी गई है. कंपनी ने पनीर नष्ट करने के लिए आवेदन भी किया था.

इससे एक दिन पहले भिलाई में खाद्य विभाग की कार्रवाई में करीब 2,500 किलो मिठाई और 1,000 लीटर दूध नष्ट कराया गया था. वहां विभाग ने एक्सपायरी दूध से पनीर बनाने और गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार किए जाने की बात कही थी. तीन प्रतिष्ठानों में काम बंद कराया गया था.