रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 750 किलोग्राम अमानक और असुरक्षित पनीर नष्ट किया है. विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के तहत की गई.
अधिकारियों के मुताबिक, कुछ समय पहले एक मालवाहक वाहन से पनीर की खेप जब्त की गई थी. इसके बाद ‘मिल्की मलाई’ और ‘मलाई मैजिक’ ब्रांड के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए. हाल में मिली जांच रिपोर्ट में दोनों ब्रांड के नमूने सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए.
रिपोर्ट आने के बाद विभागीय टीम ने उरला स्थित फैक्ट्री पहुंचकर 750 किलो पनीर को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की. विभाग के अनुसार, इस खेप को रायपुर के स्थानीय बाजारों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी भेजे जाने की तैयारी थी.
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित फर्म और ब्रांड संचालकों के खिलाफ न्यायालय में कार्रवाई की तैयारी है. विभाग मामले का चालान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करेगा. दोष सिद्ध होने पर कानून के तहत जुर्माना और सजा का प्रावधान है.
रिपोर्ट के अनुसार, रायपुर में इससे पहले भी अलग-अलग स्थानों से संदिग्ध या प्रतिबंधित पनीर जब्त कर नष्ट किया जा चुका है.
