रायपुर में खाद्य विभाग ने मिल्की मलाई और मलाई मैजिक ब्रांड का 750 किलो पनीर नष्ट करा दिया. विभाग की जांच में दोनों ब्रांड का पनीर खाने योग्य नहीं पाया गया था. खेप को रायपुर के जोरा इलाके के पास उस समय जब्त किया गया था, जब इसे ओडिशा ले जाया जा रहा था.

जानकारी के मुताबिक, 8 सितंबर को एक मालवाहक वाहन से पनीर जब्त करने के बाद उसके नमूने जांच के लिए रायपुर की प्रयोगशाला भेजे गए थे. 12 सितंबर को आई रिपोर्ट में पनीर को खाने योग्य नहीं बताया गया. इसके बाद पनीर बनाने वाली कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया गया था.

जांच रिपोर्ट आने के बाद भी पनीर 44 दिन तक नष्ट नहीं किया गया. स्रोत के अनुसार, कंपनी ने सरकारी प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा जांच की मांग की थी. इसके लिए नमूना नेशनल फूड लैब भेजे जाने की बात भी सामने आई है. कंपनी ने पनीर नष्ट करने के लिए खाद्य विभाग को आवेदन दिया था.

उरला फैक्ट्री में नष्ट की गई खेप

खाद्य विभाग ने उरला स्थित फैक्ट्री में पूरी 750 किलो खेप नष्ट कराई, ताकि इसका दोबारा इस्तेमाल या बाजार में आपूर्ति न हो सके. विभाग अब मिल्की मलाई और मलाई मैजिक ब्रांड के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. इसके लिए प्रकरण तैयार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में पेश किए जाने की बात कही गई है.

इससे एक दिन पहले भिलाई में खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान करीब 2,500 किलो मिठाई और 1,000 लीटर दूध नष्ट कराया गया था. वहां एक्सपायरी दूध से पनीर बनाने और गंदगी में मिठाइयां तैयार करने की बात सामने आई थी. तीन प्रतिष्ठानों में काम भी बंद कराया गया था.