रायपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने 85 किलो गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार में बैठकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे. कार्रवाई 16 अक्टूबर को दुर्गा चौक मैदान के पास की गई.
पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार में गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं. सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइंस थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और कार सवार तीन लोगों को पकड़ा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश साहू, सूरज कलेत और राकेश साहू के रूप में बताई गई है. पुलिस का कहना है कि कार की तलाशी लेने पर डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में गांजा मिला. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के लिए ले जा रहे थे.
पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत 42 लाख 50 हजार रुपये आंकी है. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपये है.
इस मामले में सिविल लाइंस थाने में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है. वाहन, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कथित तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच जारी है.
