रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ACI) में हार्ट अटैक और गंभीर हृदय रोगियों के उपचार के लिए महंगी दवाएं और जीवनरक्षक इंजेक्शन निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं. अस्पताल की व्यवस्था के तहत मरीजों को उपचार के दौरान इन दवाओं के लिए बाहर से खरीदारी नहीं करनी होगी.

किन दवाओं की सुविधा

उपलब्ध दवाओं में टेनेक्टेप्लेस (TNK-tPA), इवोलोकुमैब, मावाकैम्टेन, टिकैग्रिलोर और एज़ेटिमाइब शामिल हैं. टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की बाजार कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये बताई गई है, जबकि मावाकैम्टेन की कीमत लगभग 21 से 22 हजार रुपये तक रहती है.

ACI के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) स्मित श्रीवास्तव के अनुसार, इन दवाओं का उपयोग मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय जरूरत के आधार पर किया जाता है. हार्ट अटैक के कुछ गंभीर मामलों में रक्त वाहिका में बने थक्के को घोलने के लिए टेनेक्टेप्लेस की जरूरत पड़ सकती है. अस्पताल में इसके 20, 30 और 40 मिलीग्राम के इंजेक्शन उपलब्ध हैं. स्ट्रेप्टोकाइनेज का 15 लाख IU इंजेक्शन भी रखा गया है.

एंजियोग्राफी के दौरान इस्तेमाल होने वाले आम्निपेक और विजिपेक कंट्रास्ट के अलावा एनोक्सापारिन, हेपरिन, नाइट्रोग्लिसरीन और निकोरैंडिल जैसी दवाएं भी उपचार के दौरान निशुल्क दी जा रही हैं.

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि गंभीर हृदय रोगियों के उपचार में जरूरी दवाएं अस्पताल की व्यवस्था से उपलब्ध कराई जा रही हैं.