रायपुर में रविवार को AGRATHON 4.0 मैराथन का आयोजन किया गया. ‘Vande Mataram – Run For Nation’ थीम पर हुई इस दौड़ में आयोजकों के अनुसार करीब 3,500 से 4,000 लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश देना था.

दौड़ का आयोजन अग्रवाल सभा रायपुर और अग्रवाल युवा मंडल रायपुर की ओर से किया गया. इसमें युवाओं के अलावा महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी भाग लिया. छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और नोएडा समेत देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी रायपुर पहुंचे.

दौड़ की शुरुआत सुबह करीब 6 बजे तेलीबांधा तालाब परिसर स्थित मरीन ड्राइव से हुई. प्रतिभागी खालसा स्कूल और केनाल रोड से होते हुए निर्धारित मार्ग पर दौड़े और वापस मरीन ड्राइव पहुंचे. आयोजकों ने विजेताओं के लिए अलग-अलग पुरस्कार भी रखे थे.

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बेमेतरा के पुलिस अधीक्षक त्रिलोकी बंसल समेत अन्य अतिथि भी मौजूद रहे.

अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि इस बार दौड़ को सर्वसमाज के लिए आयोजित किया गया. अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल के अनुसार, यह आयोजन कई वर्षों से किया जा रहा है और इस बार देश के अलग-अलग हिस्सों से युवाओं ने इसमें भाग लिया.

कार्यक्रम के दौरान My Bharat की ओर से अग्रवाल युवा मंडल का सम्मान भी किया गया. आयोजन में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थानों ने भी भागीदारी की.