रायपुर के मरीन ड्राइव में रविवार को अग्रवाल सभा और अग्रवाल युवा मंडल की ओर से अग्राथॉन 4.0 ‘वंदे मातरम्-रन फॉर नेशन’ का आयोजन किया गया. आयोजकों के अनुसार, दौड़ में करीब 3,500 से 4,000 लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश देना था.
दौड़ में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के प्रतिभागियों के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और नोएडा से आए धावक भी शामिल हुए. युवाओं के साथ महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया.
रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण सिंह ने भी दौड़ में हिस्सा लिया. नगर निगम आयुक्त समबीत मिश्रा, बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल और भाजपा कोषाध्यक्ष राम गर्ग सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहे.
अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि अग्राथॉन स्वास्थ्य, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला अभियान है. अग्रवाल युवा मंडल अध्यक्ष सीएस सौरभ अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, सकारात्मक सोच और राष्ट्रसेवा से जोड़ना है.
कार्यक्रम के दौरान माई भारत की ओर से अग्रवाल युवा मंडल का सम्मान भी किया गया. आयोजन में समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने सहयोग किया.
