रायपुर स्थित AIIMS के वार्षिक ओरियाना फेस्ट में प्रस्तावित स्पीड-डेटिंग कार्यक्रम विरोध के बाद रद्द कर दिया गया. कार्यक्रम को लेकर NSUI और बजरंग दल ने आपत्ति जताई थी. दोनों संगठनों ने इसे AIIMS जैसे शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं बताया.

NSUI कार्यकर्ता इस मुद्दे पर AIIMS पहुंचे और डिप्टी डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपा. संगठन ने कार्यक्रम रद्द किए जाने के साथ इसमें पंजीकरण कराने वाले छात्रों की फीस वापस करने की मांग रखी. NSUI छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने कहा कि फेस्ट के नाम पर शराब परोसने, नशे और अश्लील गानों जैसी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा. ये आरोप संगठन की ओर से लगाए गए हैं.

NSUI ने रखीं पांच मांगें

ज्ञापन में AIIMS परिसर में शराब और नशे पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग शामिल है. इसके अलावा स्पीड-डेटिंग कार्यक्रम के लिए जमा फीस लौटाने, अश्लील गानों और आपत्तिजनक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा ओरियाना फेस्ट के कार्यक्रमों और फीस का स्पष्ट हिसाब रखने की मांग की गई.

NSUI ने स्पष्ट किया कि उसका विरोध ओरियाना फेस्ट या छात्रों के मनोरंजन के खिलाफ नहीं है. संगठन के मुताबिक आपत्ति केवल उन गतिविधियों से है, जिन्हें वह AIIMS की संस्थागत गरिमा और सामाजिक मर्यादा के विपरीत मानता है.

बजरंग दल ने भी प्रबंधन से स्पीड-डेटिंग कार्यक्रम रद्द करने की मांग की थी. संगठन का कहना था कि AIIMS जैसे बड़े शैक्षणिक संस्थान में ऐसा आयोजन नहीं होना चाहिए.

स्पीड डेटिंग में प्रतिभागी तय समय के लिए अलग-अलग लोगों से बातचीत करते हैं और समय पूरा होने पर अगले प्रतिभागी से मिलते हैं. आमतौर पर इसका उद्देश्य नए लोगों से परिचय बढ़ाना होता है.