रायपुर के माना एयरपोर्ट इलाके में रविवार रात 36 वर्षीय राजकुमारी साहू को पेट्रोल डालकर जलाने की घटना सामने आई. गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी की अंबेडकर अस्पताल में इलाज के दौरान देर शाम मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, मौत से पहले वह बयान देने की स्थिति में नहीं थीं.
घटना एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर सुनसान इलाके में होने की आशंका है. प्रत्यक्ष विवरण के मुताबिक, आग की लपटों से घिरी महिला मदद के लिए चीखते हुए करीब 500 मीटर तक भागीं. एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें देखकर डायल-112 को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने आग बुझाई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस को वीरू धीवर पर शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, राजकुमारी घटना से कुछ समय पहले वीरू धीवर (26) के साथ देखी गई थीं. आशंका है कि वीरू उन्हें वाहन से एयरपोर्ट के पीछे ले गया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि उसने महिला को धक्का देकर गिराया, पेट्रोल डाला और आग लगाकर फरार हो गया. हालांकि, विवाद की वजह और घटना का पूरा क्रम अभी स्पष्ट नहीं है.
घटना के बाद से वीरू का मोबाइल बंद बताया गया है. पुलिस उसकी तलाश के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि पेट्रोल आरोपी अपने साथ लाया था या घटनास्थल के आसपास से लिया गया.
पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं. करीब पांच वर्ष से वीरू के साथ उनके संबंध बताए गए हैं. वर्ष 2021 में राजकुमारी की सास पर हमले के मामले में वीरू के जेल जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है. जांच एजेंसियां अब उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की पुष्टि और आरोपी की भूमिका तय करेंगी.
