रायपुर के अंबेडकर अस्पताल के मॉडल ब्लड बैंक में सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं, लेकिन सामान्य रक्तदान के लिए आने वाले लोगों से शाम 6 बजे के बाद रक्त नहीं लिया जा रहा है. ऐसे रक्तदाताओं को दिन के समय आने के लिए कहा जा रहा है.
ब्लड बैंक प्रबंधन के अनुसार, रात में उपलब्ध सीमित स्टाफ को अस्पताल में भर्ती मरीजों की जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देनी होती है.
रात में सीमित स्टाफ
प्रबंधन ने बताया कि रात्रिकालीन ड्यूटी में एक डॉक्टर, एक टेक्नीशियन और एक अटेंडर रहते हैं. उनके मुताबिक, रक्तदान के बाद किसी डोनर को चक्कर आने या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर सीमित स्टाफ के साथ उसकी निगरानी और उपचार में दिक्कत हो सकती है.
इसी वजह से सामान्य रक्तदान के लिए दिन का समय निर्धारित रखा गया है. अधिकारियों का कहना है कि दिन में रक्तदाता का आकलन और दान के बाद उसकी निगरानी करना अपेक्षाकृत आसान रहता है.
रिफ्रेशमेंट व्यवस्था की जांच
अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक संतोष सोनकर के अनुसार, रक्तदाताओं को रिफ्रेशमेंट देने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है. विभागाध्यक्ष से यह स्पष्टीकरण भी मांगा गया है कि रिफ्रेशमेंट पहले क्यों नहीं दिया जा रहा था और इसमें देरी कैसे हुई. मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं तथा रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है.
